
गुना। जिला अस्पताल परिसर में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे एक डॉक्टर की कार बेकाबू होकर वहां मौजूद लोगों से टकरा गई। इसके बाद कार दीवार से जा भिड़ी। हादसे में चार महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. सुभाष सोनकर अपनी कार क्रमांक MP 07 ZM 6890 चला रहे थे। कार अस्पताल परिसर से बाहर निकल रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार वहां मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए दीवार से जा टकराई। कार पर मध्यप्रदेश शासन लिखा हुआ था।
हादसे में घायल चंदन ने बताया कि वह आवन से अपनी गर्भवती बहू की सोनोग्राफी कराने जिला अस्पताल आए थे। वे अस्पताल के पास खड़े थे, तभी कार ने उन्हें और उनकी बहू को टक्कर मार दी। चंदन के एक पैर में पहले हुए हादसे के कारण प्लास्टर चढ़ा हुआ था। इस दुर्घटना में उनका दूसरा पैर भी फ्रैक्चर हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद लोग कार के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए जुटे। लोगों ने कार उठाकर चंदन और अन्य घायलों को बाहर निकाला।
मौके पर मौजूद समाजसेवी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने बताया कि कार तेज गति से आई और चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख सका। उन्होंने अस्पताल परिसर में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनके मुताबिक, कार की चपेट में महिलाएं और बच्चे भी आए।
डॉ. आरएल धाकड़ ने बताया कि डॉ. सुभाष सोनकर को गाड़ी चलाते समय चक्कर आ रहे थे। इसी वजह से कार बेकाबू हुई। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के पास चालक है, लेकिन हादसे के दिन वे खुद कार चला रहे थे। घायल गर्भवती महिला की जरूरी जांच कर ली गई है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
हादसे के बाद घायलों के परिजनों और वहां मौजूद लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि दुर्घटना डॉक्टर की तबीयत बिगड़ने के कारण हुई या वाहन चलाने में लापरवाही इसकी वजह बनी।
Leave A Reviews