Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

हरदा में 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत


हरदा जिले में मंगलवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिता-पुत्र और तहसील कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना रहटगांव थाना क्षेत्र में बरखेड़ी बस स्टैंड के पास रात करीब 10 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, दिलीप अपने बेटे आयुष को लेकर सिरकम्बा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र वर्मन की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में दिलीप और देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आयुष ने भोपाल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

बेटे को लेने गए थे दिलीप, लौटते समय हुआ हादसा

दिलीप (40) मूल रूप से सिराली थाना क्षेत्र के बुराली गांव के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ पिछले तीन साल से सिरकम्बा गांव में किसान रामकृष्ण करोड़ के यहां मजदूरी कर रहे थे। उनका बड़ा बेटा आयुष अपने दादा विश्राम के पास रहता था।

मंगलवार शाम दिलीप अपने बेटे को लेने गए थे। जानकारी के मुताबिक, पटाखे की चिंगारी से आयुष को चोट लगी थी और उसे इलाज के लिए ले जाना था। दिलीप बेटे को बाइक पर बैठाकर सिरकम्बा लौट रहे थे। इसी दौरान बरखेड़ी बस स्टैंड के पास उनकी बाइक की देवेंद्र वर्मन की बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।

भोपाल ले जाते समय आयुष ने तोड़ा दम

दुर्घटना में दिलीप और दूसरी बाइक चला रहे देवेंद्र वर्मन की मौत हो गई। वहीं, आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

दिलीप के पिता विश्राम ने बताया कि उनका बेटा तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। आयुष उनके पास रहता था और इसी साल उसका पहली कक्षा में दाखिला कराया गया था। दिलीप मंगलवार शाम उसे लेने के लिए बाइक से आए थे।

देवेंद्र वर्मन रहटगांव तहसील कार्यालय में थे कंप्यूटर ऑपरेटर

हादसे में जान गंवाने वाले देवेंद्र वर्मन (34) रहटगांव तहसील कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। वह मंगलवार रात कार्यालय में काम करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दिलीप की बाइक से टकरा गई।

देवेंद्र के पिता का नाम अजब सिंह वर्मन है। वह दो भाइयों में छोटे थे और उनकी चार साल की बेटी है। हादसे में उनकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम, पुलिस ने शुरू की जांच

बुधवार सुबह जिला अस्पताल में तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Date & Time : 2026-11-18 08:26:12

Share:

Leave A Reviews

Related News