
सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले के नजीराबाद इलाके में शुक्रवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक अवैध स्लॉटर हाउस की जांच करने पहुंचे प्रशासनिक अमले और मीट कारोबारी के बीच तीखी झड़प हो गई. कार्रवाई के दौरान मीट कारोबारी यूनिस कुरैसी ने अधिकारियों पर "पाकिस्तान से फंडिंग" लेने के गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद एसडीएम राहुल सिलड़िया और कारोबारी के बीच जमकर 'तू-तड़ाक' हुई.
कार्रवाई करने पहुंचे थे अधिकारी, मिला कोर्ट का स्टे नियमों के उल्लंघन और बिना लाइसेंस स्लॉटर हाउस संचालन की सूचना पर एसडीएम राहुल सिलड़िया, सिटी कोतवाली टीआई रावेंद्र द्विवेदी और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी. प्रशासन दुकान को सील करने की तैयारी में था, लेकिन कारोबारी ने कोर्ट के 'स्टे ऑर्डर' (स्थगन आदेश) का हवाला दे दिया. कानूनी पेच फंसने के कारण प्रशासन को अंततः पीछे हटना पड़ा.
प्रतिस्पर्धा और पाकिस्तान कनेक्शन के आरोप विवाद की जड़ में स्थानीय मीट कारोबारियों—यूनिस कुरैसी और हाजी मुन्ना—के बीच की व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा बताई जा रही है. यूनिस ने मौके पर चिल्लाते हुए आरोप लगाया कि हाजी मुन्ना को पाकिस्तान से पैसा मिलता है और उसी पैसे के दम पर वह अधिकारियों को खरीदकर उनके ऊपर कार्रवाई करवा रहा है. इन आरोपों को सुनकर एसडीएम भड़क उठे और उन्होंने कारोबारी को सख्त लहजे में मर्यादा में रहने की चेतावनी दी.
अपमान का घूंट पीकर लौटी टीम कारोबारी के संगीन आरोपों और तीखी नोकझोंक के बीच प्रशासन के हाथ कोर्ट के स्टे की वजह से बंधे रहे. दुकान सील न होने के कारण टीम को बिना किसी ठोस कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा. हालांकि, सार्वजनिक रूप से अधिकारियों पर लगाए गए इन आरोपों ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि प्रशासन कोर्ट में इस स्टे को हटाने के लिए क्या कदम उठाता है.
Leave A Reviews