
सीहोर. जिले के इछावर-आष्टा मार्ग पर रविवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ. रामनगर गांव के पास एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना शक्तिशाली था कि बाइक चला रहे युवक के शरीर का कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
डेटोनेटर ले जाने के दौरान हुआ हादसा मृतक की पहचान जमली निवासी 30 वर्षीय सुखराम बरेला के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सुखराम कुओं में ब्लास्टिंग का काम करता था. रविवार सुबह वह अपनी बाइक (MP37 MN 4489) से भारी मात्रा में डेटोनेटर और विस्फोटक सामग्री लेकर जा रहा था. रास्ते में गिट्टी मशीन के पास अचानक बारूद ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हो गया.
जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम सूचना मिलते ही इछावर पुलिस और SDPO रोशन जैन मौके पर पहुंचे. विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल के पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए और वाहन जलकर खाक हो गया. थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है. हालांकि शुरुआती जांच डेटोनेटर की ओर इशारा कर रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक यह विस्फोटक कहां से लाया था और क्या उसके पास इसके परिवहन का वैध परमिट था.
Leave A Reviews