
दमोह-जबलपुर सीमा पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार चाचा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर जिले के मझौली थाना क्षेत्र के धनवाही निवासी विमल रजक अपनी भतीजी साक्षी रजक (14) और भाभी निशा रजक के साथ सागर जिले के बंडा से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान गुबरा-मझौली रोड पर कुसमी मानगढ़ के पास सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई।
हादसा इतना भीषण था कि तीनों सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में साक्षी रजक की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विमल रजक और निशा रजक को 108 एंबुलेंस से कटंगी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें जबलपुर रेफर किया गया।
जबलपुर में इलाज के दौरान विमल रजक ने भी दम तोड़ दिया, जबकि निशा रजक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
Leave A Reviews