
पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत ऊड़की गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वीभत्स घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे दामाद ने अपनी ही सास की लकड़ी के बैट से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी सास के सिर पर तब तक वार किए जब तक कि उनकी जान नहीं निकल गई। इस दौरान जब उसकी गर्भवती पत्नी ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दहेज के लिए लंबे समय से प्रताड़ना मृतका रीता राय (50) की छोटी बेटी खुशी की शादी पिछले साल 23 मई को सतना जिले के निवासी संदीप विश्वास (28) के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही संदीप और उसके घरवाले बाइक और स्मार्टफोन की मांग को लेकर खुशी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। इसी विवाद के चलते गुरुवार को संदीप अपनी गर्भवती पत्नी को उसके मायके छोड़ गया था, लेकिन अगले ही दिन वह खूनी इरादे के साथ वापस लौटा।
खाना बनाते समय किया जानलेवा हमला घटना शुक्रवार रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच की है। मृतका के देवर संजय राय ने बताया कि रीता राय रसोई में खाना बना रही थीं, तभी संदीप हाथ में लकड़ी का बैट लेकर वहां पहुंचा। उसने अपनी सास के सिर पर एक के बाद एक तीन घातक वार किए। हमला इतना भीषण था कि रीता राय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने गठित की टीमें, तलाश जारी बृजपुर थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी संदीप विश्वास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
Leave A Reviews