Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

तेंदूखेड़ा: भाई दूज पर शुभारंभ, मंडी में सन्नाटा, व्यवस्था पर उठे सवाल


तेंदूखेड़ा, देशबंधु। तेंदूखेड़ा गल्ला मंडी में भाई दूज के अवसर पर विधि-विधान से घोष विक्रय यानी नीलामी कार्य का शुभारंभ किया गया था, लेकिन पांच-छह दिन बाद भी मंडी के टीन शेड खाली और परिसर में सन्नाटा नजर आ रहा है। किसानों और व्यापारियों की अपेक्षित मौजूदगी दिखाई नहीं दे रही है।

वहीं खुली बोली और नीलामी की व्यवस्था भी प्रभावी रूप से संचालित होती नजर नहीं आ रही। इससे मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही बाजार व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि 11 से 16 नवंबर के बीच पूरे मंडी परिक्षेत्र में करीब 7,493.67 क्विंटल कृषि उपज की आवक दर्ज बताई जा रही है।

इसमें मक्का/भुट्टा 3,060.95 क्विंटल, गुड़ 2,428.27 क्विंटल, धान 744.15 क्विंटल, चना 541.30 क्विंटल, गेहूं 373 क्विंटल, बटरी 343 क्विंटल, मूंग 2 क्विंटल और उड़द 1 क्विंटल शामिल है। रिकॉर्ड में इतनी बड़ी आवक के बावजूद मंडी परिसर में अपेक्षित गतिविधियां दिखाई नहीं देना कई सवाल खड़े करता है। मंडी खुली है तो फिर सन्नाटा क्यों- मंडी प्रशासन की ओर से किसानों के लिए एमपी फार्म गेट ऐप की सुविधा का हवाला दिया जा रहा है।

सवाल यह है कि डिजिटल सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद मंडी परिसर में नियमित खुली बोली और प्रतिस्पर्धात्मक नीलामी नजर नहीं आ रही। मंडी का मूल उद्देश्य किसानों को प्रतिस्पर्धात्मक बाजार उपलब्ध कराना और उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करना है।
 20 क्विंटल धान की कार्रवाई, निगरानी पर सवाल- प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 नवंबर को करीब 20 क्विंटल धान जब्त कर कार्रवाई की गई तथा पांच गुना पेनल्टी के साथ मंडी शुल्क जमा कराया गया।

वहीं कुछ लोगों द्वारा मंडी क्षेत्र के बाहर सीधे किसानों से उपज खरीदे जाने के आरोप भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि मंडी क्षेत्र में कृषि उपज के क्रय-विक्रय की निगरानी कितनी प्रभावी है। स्टाफ की कमी या व्यवस्था की कमी- मंडी प्रशासन स्टाफ की कमी को भी एक बड़ी समस्या बता रहा है। प्रभारी सचिव के अनुसार उपनिरीक्षक के पांच पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल दो कर्मचारी पदस्थ हैं, जबकि तीन पद रिक्त हैं

निश्चित रूप से स्टाफ की कमी प्रशासनिक चुनौती हो सकती है, लेकिन इसका असर किसानों को मिलने वाली पारदर्शी नीलामी और बेहतर बाजार व्यवस्था पर पड़ता है तो इस पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। एक ओर रिकॉर्ड में हजारों क्विंटल कृषि उपज की आवक दर्ज है, वहीं दूसरी ओर मंडी के खाली शेड और परिसर में सन्नाटा दिखाई दे रहा है।

इन दोनों तस्वीरों के बीच का अंतर ही मंडी व्यवस्था पर सबसे बड़ा सवाल खड़ा करता है। आवश्यक है कि मंडी प्रशासन क्रय-विक्रय की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करे, नियमित खुली नीलामी व्यवस्था को मजबूत बनाए और मंडी के नियमों के विपरीत यदि कोई व्यापारी सीधे किसानों से उपज खरीद रहा है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करे। इससे किसानों का मंडी व्यवस्था पर भरोसा कायम रह सकेगा।

इनका कहना है- सरकार द्वारा एमपी फार्म गेट ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से किसान स्वतंत्र रूप से अपनी उपज का विक्रय मंडी एवं व्यापारी को सीधे कर सकते हैं। मंडी परिसर खुला हुआ है और किसान स्वतंत्र रूप से अपनी उपज का विक्रय कर सकते हैं।

क्षेत्र में खरीदी की जा रही है, लेकिन स्टाफ की कमी है। यहां उपनिरीक्षक के पांच पद स्वीकृत हैं, जिनमें से केवल दो पदस्थ हैं और तीन पद रिक्त हैं। इस तरह की समस्याएं भी बनी हुई हैं।

विनोद अग्रवाल, मंडी निरीक्षक एवं प्रभारी सचिव, तेंदूखेड़ा

Date & Time : 2026-11-17 13:13:37

Share:

Leave A Reviews

Related News