
इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शुक्रवार सुबह स्कीम-136 स्थित एक बहुमंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। आग अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर (भूतल) पर बने एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे के दौरान शोरूम के ऊपर बनी दो मंजिलों पर रहने वाले छह परिवारों के 20 से अधिक लोग फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे की है। शोरूम से अचानक आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा। धुआं इतनी तेजी से सीढ़ियों और ऊपरी मंजिलों की तरफ फैला कि ऊपर रह रहे परिवारों को नीचे उतरने का रास्ता ही नहीं मिला।
जब फ्लैटों के अंदर धुआं भरने लगा, तब रहवासियों को नीचे लगी आग का अहसास हुआ। दम घुटने की स्थिति और बढ़ते खतरे को देख अपार्टमेंट में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही पड़ोसियों ने एकजुटता दिखाते हुए खुद ही मोर्चा संभाल लिया।
रस्सी और सीढ़ियों से बची जान: स्थानीय युवाओं और रहवासियों ने बिना वक्त गंवाए रस्सियों और लोहे-बांस की सीढ़ियों का इंतजाम किया। लोगों ने जान जोखिम में डालकर एक-एक करके ऊपरी मंजिलों पर फंसे महिलाओं और बच्चों समेत 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय पुलिसकर्मी नरेंद्र मंडलिया ने भी अपनी जान की परवाह न करते हुए लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
शुरुआती मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग केवल ग्राउंड फ्लोर पर स्थित शोरूम तक ही सीमित रही, जिससे ऊपर के फ्लैटों में लपटें नहीं पहुंचीं और परिवारों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, इस हादसे में शोरूम के भीतर खड़े सभी दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
स्थानीय रहवासी श्याम दुबे ने बताया कि धुआं देखते ही तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Leave A Reviews