
जबलपुर में शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शहर के डुमना एयरपोर्ट मार्ग स्थित चंडी टोला के समीप तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार के एयरबैग्स खुल गए, जिससे वाहन चला रहे युवक की जान बाल-बाल बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना शनिवार शाम करीब 4:00 बजे घटित हुई। गुजरात पासिंग कार (क्रमांक जीजे-38-बीबी-3178) डुमना एयरपोर्ट की दिशा से शहर की ओर तेज गति में आ रही थी। जैसे ही कार चंडी टोला के मोड़ के पास पहुंची, चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क पर लहराते हुए पलट गई। हादसे के दौरान कार का अगला हिस्सा और बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि जिस समय कार सड़क पर पलटी, उस वक्त वहां से कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
कार पलटते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और मशक्कत कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, कार को जबलपुर के विजय नगर निवासी एक युवक चला रहा था, जो अपने जीजा की गाड़ी लेकर किसी काम से डुमना की ओर गया था। एयरबैग खुलने से युवक गंभीर आघात से बच गया और उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त कार को क्रेन व स्थानीय लोगों की मदद से सीधा करवाकर यातायात सुचारू कराया। स्थानीय नागरिकों ने एयरपोर्ट रोड पर वाहनों की अनियंत्रित गति और लगातार बढ़ रहे हादसों को लेकर गहरी चिंता जताई है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और प्रारंभिक तौर पर वाहन की अत्यधिक गति को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Leave A Reviews