
जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (VFJ) में पदस्थ प्रमुख कर्मचारी नेता असीम दुबे की इस हादसे में जान चली गई। जानकारी के अनुसार, असीम दुबे अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी शहडोल से जबलपुर आ रही एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और असीम दुबे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद एम्बुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। घटना के वक्त एम्बुलेंस में एक मरीज भी सवार था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मरीज को सुरक्षित निकाला गया और दूसरे वाहन के जरिए अस्पताल पहुँचाया गया। वहीं, पुलिस ने एम्बुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
असीम दुबे के आकस्मिक निधन की खबर फैलते ही जबलपुर के कर्मचारी संगठनों और व्हीकल फैक्ट्री के कामगारों में शोक की लहर दौड़ गई। वे एक सक्रिय और मिलनसार नेता के रूप में पहचाने जाते थे। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उमरिया ले जाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में कर्मचारी नेता, सहकर्मी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
Leave A Reviews