
कटनी। जिले की रीठी तहसील से भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत इमलाज की आदिवासी विधवा पार्वती बाई ने पंचायत सचिव राजू सेन पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके पति दशरथ भूमिया के मृत्यु प्रमाण पत्र के बदले ₹5000 रिश्वत ली। पति की मौत के पांच महीने बाद भी महिला को प्रमाण पत्र नहीं मिला, जिससे वह परेशान होकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंची।
पार्वती बाई ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार 21 दिन के भीतर सचिव को सूचना दी थी, लेकिन सचिव ने काम टालते हुए बाद में सरकारी फीस के नाम पर ₹5000 ले लिए। पैसे देने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ।
पति का मृत्यु प्रमाण पत्र न मिलने के कारण महिला को न तो विधवा पेंशन मिल रही है और न ही संबल योजना जैसी सरकारी मदद का लाभ। इस वजह से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित महिला ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मांग की है कि सचिव राजू सेन को तुरंत निलंबित किया जाए, ₹5000 वापस दिलाए जाएं और उनके पति का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया जाए।
जनसुनवाई के बाद प्रशासन ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
Leave A Reviews