Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

कटनी-उमरिया हाईवे पर अज्ञात वाहन ने तेंदुए को मारी टक्कर, वन विभाग ने सफल रेस्क्यू कर इलाज के लिए मुकुंदपुर भेजा

कटनी-उमरिया नेशनल हाईवे पर स्थित पठरा गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक तेंदुआ गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे लहूलुहान और असहाय अवस्था में पड़े वन्यप्राणी को देख राहगीरों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विकास निगम और बड़वारा परिक्षेत्र की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया।

सड़क किनारे तड़पता मिला घायल तेंदुआ

कुण्डम परियोजना मंडल के संभागीय प्रबंधक मोहित सूद ने बताया कि वन विकास निगम की बड़वारा परिक्षेत्र के अंतर्गत भदौरा बीट के कक्ष क्रमांक 453 से गुजरने वाले हाईवे पर यह हादसा हुआ। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात या सुबह के वक्त किसी भारी वाहन ने तेंदुए को जोरदार टक्कर मार दी थी। तेंदुआ हाईवे के किनारे झाड़ियों में गंभीर हालत में पड़ा हुआ था और हिलने-डुलने में भी असमर्थ था।

भीड़ के बीच चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

जैसे ही तेंदुए के घायल होने की खबर फैली, हाईवे पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को भांपते हुए संभागीय प्रबंधक ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। कटनी वन मंडल (सामान्य) के अमले ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया ताकि वन्यप्राणी तनाव में न आए और कोई अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। रेस्क्यू के लिए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश तोमर को विशेष रूप से बुलाया गया।

ट्रेंकुलाइज कर केज में किया गया शिफ्ट

डॉ. राजेश तोमर की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए का मुआयना किया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे ट्रेंकुलाइज (बेहोश) किया। इसके बाद कटनी वन मंडल से मंगवाए गए विशेष 'ट्रेप केज' (पिंजरे) की मदद से तेंदुए को सुरक्षित तरीके से वाहन में शिफ्ट किया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संयुक्त टीम के समन्वय के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।

मुकुंदपुर जू में विशेषज्ञों की निगरानी में इलाज

रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल तेंदुए को उपचार के लिए मुकुंदपुर स्थित महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव चिड़ियाघर एवं वन्यप्राणी उपचार केंद्र भेजा गया। वन्यप्राणी चिकित्सकों के अनुसार, सड़क हादसे के कारण तेंदुए को आंतरिक और बाहरी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल मुकुंदपुर जू में विशेषज्ञों की एक टीम तेंदुए की सेहत पर पल-पल नजर रख रही है और उसे सघन उपचार दिया जा रहा है। वन विभाग अब उस अज्ञात वाहन की तलाश की कोशिश कर रहा है जिसकी टक्कर से यह हादसा हुआ।

Share:

Leave A Reviews

Related News