
पन्ना-अमानगंज मुख्य मार्ग पर गुरुवार, 5 नवंबर की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा। मकरगंज सिमरिया मोड़ के पास चलते ट्रक में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटों ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और चारों ओर काले धुएं का घना गुबार छा गया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को वाहन रोककर कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस अचानक हुई घटना से सड़क के दोनों ओर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई।
मार्ग से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शी राहगीर अमर पटेल ने बताया कि वे पन्ना से अमानगंज की तरफ जा रहे थे, तभी उन्होंने दूर से ही आसमान में उठती भीषण लपटें और काला धुआं देखा। आग की विकरालता को देखते हुए दोनों दिशाओं के चालकों ने अपने वाहन काफी दूर ही रोक लिए, जिससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, जब तक आग पर नियंत्रण पाया जा सका, तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।
आग बुझने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सड़क पर फंसे वाहनों को सुरक्षित रवाना कराया और यातायात बहाल कराया। पुलिस अधिकारियों ने मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave A Reviews