Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

दतिया जिला अस्पताल में मासूम को छोड़ भागे माता-पिता, SNCU में स्टाफ के भरोसे जंग लड़ रही नवजात

दतिया। जिला अस्पताल के विशेष नवजात देखभाल इकाई (एसएनसीयू) से मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पिछले पांच दिनों से दो सप्ताह की एक नवजात बच्ची मौत और जिंदगी के बीच जूझ रही है, लेकिन अफसोस इस बात का है कि उसे जन्म देने वाले माता-पिता ही उसे अस्पताल में अकेला छोड़ कर लापता हो गए हैं। 4 मार्च को भर्ती होने के बाद से अब तक न तो बच्ची के पिता आशीष और न ही मां संध्या उसका हाल जानने अस्पताल लौटे हैं। फिलहाल, अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर ही इस मासूम की 'ममता' और 'सहारा' बने हुए हैं।

गंभीर हालत में किया गया था भर्ती जानकारी के मुताबिक, इस बच्ची का जन्म 24 फरवरी को हुआ था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन 4 मार्च को उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया। लेकिन जैसे ही कागजी कार्रवाई और भर्ती की प्रक्रिया पूरी हुई, माता-पिता स्टाफ को बिना कुछ बताए वहां से रफूचक्कर हो गए। तब से लेकर आज तक बच्ची के परिवार का कोई भी सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा है, जबकि बच्ची की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

अस्पताल की कोशिशें नाकाम, पुलिस को दी गई सूचना अस्पताल प्रबंधन ने बच्ची के भविष्य और उसकी सुरक्षा को देखते हुए परिजनों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद या पहुंच से बाहर मिले। अंततः हार मानकर सिविल सर्जन डॉ. आर.के. राठौर ने इस पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी है। पुलिस अब परिजनों की तलाश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्ची को इस तरह लावारिस छोड़ने के पीछे की असली वजह क्या है।

बेटियों के प्रति समाज की संकुचित सोच पर सवाल इस हृदय विदारक घटना ने सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी व्यथित कर दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता भानु तिवारी ने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में भी बेटा-बेटी के बीच का भेदभाव खत्म नहीं हुआ है। अक्सर देखा जाता है कि बेटियों के बीमार होने पर परिवार पीछे हट जाता है, जो समाज के लिए एक काला धब्बा है। फिलहाल, अस्पताल का अमला पूरी मुस्तैदी से बच्ची के इलाज में जुटा है और हर कोई उस मासूम के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

Share:

Leave A Reviews

Related News