
उमरिया जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र से वन्यजीव शिकार का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। हर्रवाह बीट के हर्रवाह गांव में जंगल से सटे एक खेत में बिजली का करंट प्रवाहित कर एक गर्भवती चीतल का शिकार कर लिया गया। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई टीम ने मौके पर दबिश देकर चीतल का मांस पकाने की तैयारी कर रहे पांच शिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
घटना हर्रवाह बीट के कक्ष क्रमांक पीएफ-41 के पास स्थित खेत की है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने जंगली जानवरों को फंसाने के लिए खेत की मेड़ पर जीआई तार बिछाकर उसमें सीधे करंट दौड़ा दिया था। जंगल से भटककर खेत की तरफ आई गर्भवती चीतल इस जानलेवा तार के संपर्क में आ गई और जोरदार करंट लगने से उसकी मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।
शिकार को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी चीतल के शव को ठिकाने लगाकर उसका मांस पकाने और बांटने की योजना बना रहे थे। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग के दस्ते ने घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा और पांचों आरोपियों को धर दबोचा। अधिकारियों ने मौके से चीतल का मांस और शिकार में प्रयुक्त अवैध तार बरामद कर लिए हैं।
चंदिया वन परिक्षेत्र अधिकारी नीलेश द्विवेदी ने पुष्टि करते हुए बताया कि चीतल की जान करंट लगने से गई है और वह गर्भवती थी। पकड़े गए पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही वन विभाग उस खेत के मालिक की भूमिका की भी सघन जांच कर रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि खेत में अवैध करंट किसकी अनुमति से लगाया गया था।
Leave A Reviews