Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रामनगर: 50 लाख का भूमिपूजन, 9 साल बाद भी मोक्ष धाम बना कचरा धाम


मैहर जिले के न्यू रामनगर नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के दावों की जमीनी हकीकत चौंकाने वाली है। मसमासी रोड स्थित वार्ड क्रमांक 13 के श्मशान घाट पर करीब आधा करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किए जाने के नौ साल बाद भी रामनगर मुक्तिधाम की बदहाली जस की तस बनी हुई है। कागजों पर 50 लाख रुपए के विकास कार्य दर्शाए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर यहां व्यवस्थाओं के नाम पर केवल गंदगी, दुर्गंध, सड़ा मांस और कचरे के ढेर ही नजर आ रहे हैं।

शिलालेख पर दर्ज बड़े नाम, लेकिन जमीन पर अधूरी पड़ी हैं बुनियादी सुविधाएं

श्मशान घाट की दीवार पर लगा शिलालेख इस पूरी योजना का सबसे बड़ा प्रमाण है, जिस पर 23 जनवरी 2017 को भूमिपूजन संपन्न होने का उल्लेख है। इस शिलालेख के अनुसार, बाउंड्रीवाल, वेटिंग शेड, वाटर स्टोरेज टैंक और पुलिया निर्माण के लिए कुल 50 लाख रुपए की लागत तय की गई थी। इस पत्थर पर मुख्य अतिथि के रूप में सतना सांसद गणेश सिंह, अध्यक्ष के रूप में अमरपाटन के पूर्व विधायक रामखेलावन पटेल, विशिष्ट अतिथि जनपद अध्यक्ष तारा विजय पटेल, नगर परिषद के प्रथम अध्यक्ष रामसुशील पटेल, पार्षद पैरु, विनोद शर्मा, सुरेश कोंदर, काशी कोंदर और तत्कालीन सीएमओ बी. एन. शुक्ला के नाम दर्ज हैं। हालांकि, मौके पर हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं, क्योंकि शिलालेख वाली बाउंड्रीवाल ही जगह-जगह से उखड़कर टूट चुकी है, वेटिंग शेड उजाड़ पड़ा है, पानी के लिए वाटर स्टोरेज टैंक की कोई व्यवस्था नहीं है और मुख्य गेट जंग खाकर टेढ़ा हो गया है।

परिसर के पीछे फेंके जा रहे मृत पशु, अंतिम संस्कार में परिजनों को हो रही परेशानी

सबसे गंभीर और शर्मनाक स्थिति यह है कि लाखों रुपए खर्च होने के बाद भी नगर परिषद द्वारा मुक्तिधाम के ठीक पीछे शहर के मृत कुत्ते, अन्य पशुओं के शव, सड़ा मांस और खून से सने बोरे खुले में फेंके जा रहे हैं। इससे उठने वाली तीव्र दुर्गंध ने पूरे मुक्तिधाम परिसर का वातावरण दूषित कर दिया है। अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे परिजनों का कहना है कि यहां बदबू के कारण एक पल भी खड़ा होना मुश्किल हो रहा है और वेटिंग शेड जर्जर होने से लोगों को तेज धूप में खड़ा रहना पड़ता है। परिजनों ने यह भी पीड़ा व्यक्त की कि इसी परिसर में छोटे मृत शिशुओं को दफनाया जाता है, लेकिन गेट खुला होने और टूटी बाउंड्रीवाल के कारण आवारा कुत्ते अंदर घुसकर शवों को नुकसान पहुंचाते हैं।

नागरिकों ने की 50 लाख के कार्यों की जांच और तत्काल सफाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सीधे सवाल उठाते हुए पूछा है कि जब आधा करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे, तो वह राशि जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम नेताओं के नाम चमकाने का माध्यम नहीं बल्कि सम्मानजनक अंतिम विदाई का स्थल है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट के आसपास मृत पशुओं और कचरे को फेंकना तत्काल बंद किया जाए, टूटी बाउंड्रीवाल और गेट की शीघ्र मरम्मत हो, परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा 50 लाख रुपए के निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।

Date & Time : 2026-11-17 09:26:21

Share:

Leave A Reviews

Related News