रीवा। जिले के सगरा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी पति दीपक मिश्रा ने आखिरकार आत्महत्या कर ली। गुरुवार रात पीथमपुर (धार) में पुलिस को उसका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे मामले का दुखद अंत हो गया।
घटना 7 अप्रैल की रात की है, जब आरोपी दीपक मिश्रा ने शराब के नशे में अपनी पत्नी शिखा मिश्रा पर अपनी ही बेटी के सामने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। आरोपी ने पत्नी के पेट और गले पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उस समय उनकी बड़ी बेटी दिशा मौके पर मौजूद थी, जिसने अपनी आंखों के सामने यह खौफनाक मंजर देखा।
गंभीर हालत में शिखा मिश्रा को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसके अलावा पत्नी के सोशल मीडिया, खासकर Instagram उपयोग को लेकर भी आरोपी अक्सर नाराज रहता था। यही पारिवारिक कलह धीरे-धीरे हिंसा में बदल गई और अंततः इस दर्दनाक घटना का कारण बनी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही थी, लेकिन आरोपी के सुसाइड करने के बाद केस में कई सवाल अनुत्तरित रह गए हैं। यह घटना एक बार फिर घरेलू विवाद और मानसिक तनाव के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करती है।
Leave A Reviews