Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

चित्रकूट: पशु तस्करों पर पुलिस का शिकंजा क्रूरता से भरे 10 भैंस और पड़वा सहित पिकअप जब्त


सतना और मैहर जिले से मवेशियों को अवैध रूप से बूचड़खानों में भेजने का सिलसिला थम नहीं रहा है। इसी क्रम में सतना जिले के चित्रकूट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय पशु तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस टीम ने बगदरा घाटी की ओर से आ रही एक संदिग्ध पिकअप को घेराबंदी कर पकड़ा और उसमें अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे गए 10 नग भैंस एवं पड़वा को सुरक्षित मुक्त कराया।

सती अनसुईया मोड़ के पास घेराबंदी कर दबोचे आरोपी

घटनाक्रम के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) योगेंद्र मिश्रा को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की पिकअप में अवैध रूप से भैंस और पड़वा लादकर बगदरा घाटी मार्ग होते हुए फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और गुप्त गोदावरी मोड़ के पास निगरानी शुरू की। जैसे ही संदिग्ध वाहन (क्रमांक UP 71 BT 1046) आता दिखा, पुलिस ने उसका पीछा किया और सती अनसुईया मोड़ के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वाहन रुकते ही चालक और उसका साथी कूदकर भागने लगे, जिन्हें मुस्तैद जवानों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।

वाहन में क्रूरतापूर्वक बंधे मिले दस मवेशी

पुलिस अमले ने जब पिकअप के डाले की तलाशी ली, तो भीतर का दृश्य विचलित करने वाला था। पिकअप के भीतर 10 नग भैंस और पड़वा को बिना दाना-पानी के बेहद संकीर्ण स्थान में क्रूरता से रस्सियों से बांधकर लादा गया था। पुलिस टीम दोनों आरोपियों, पिकअप वाहन और सभी मवेशियों को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर सीधे चित्रकूट थाने पहुंची, जहां पशुओं को चारा-पानी उपलब्ध कराया गया।

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज

चित्रकूट पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपियों को नोटिस तामील कराकर पाबंद किया गया है, वहीं जब्त पिकअप वाहन एवं सभी 10 मवेशियों को थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। इस त्वरित व सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नीलेश तिवारी, एएसआई योगेंद्र मिश्रा सहित हमराह पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।

Date & Time : 2026-10-09 13:47:23

Share:

Leave A Reviews

Related News