
शहडोल जिले के कंचनपुर गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। घटना की जानकारी तुरंत सोहागपुर थाना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अजय बैगा के रूप में हुई है, जो बुढार थाना क्षेत्र के लालपुर मौहार टोला का निवासी था। युवक का शव खेत के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। इसके कारण अजय द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी मदद ले रही है।
सोहागपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या अजय किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद से जूझ रहा था। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Leave A Reviews