
शहडोल जिले के खैरहा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम सारंगपुर में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय पन्नेलाल कोल अपने घर पर थे, तभी उनका छोटा भाई जगमोहन कोल वहां पहुंचा। बातचीत के दौरान पन्नेलाल ने जगमोहन से भोजन के बारे में पूछा, जिस पर जगमोहन ने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि छोटा भाई जगमोहन गुस्से पर काबू नहीं रख पाया। उसने पास रखी लोहे की भारी सब्बल उठाकर पन्नेलाल के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि पन्नेलाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घर में मची चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, आरोपी जगमोहन वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
वारदात की खबर मिलते ही बुढ़ार एसडीओपी विकास पांडेय और खैरहा थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसडीओपी ने बताया कि आरोपी जगमोहन की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
Leave A Reviews