
ओडिशा फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. लोकप्रिय पार्श्व गायक और "वॉयस ऑफ ओडिशा सीजन 2" के विजेता ह्यूमन सागर का सोमवार, 17 नवंबर को निधन हो गया. महज 34 साल की उम्र में उनका इस तरह दुनिया को अलविदा कहना ओलिवुड संगीत जगत के लिए गहरा झटका है.
सूत्रों के मुताबिक, ह्यूमन सागर बीते कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे. उन्हें 14 नवंबर को भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था. उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में रखा गया, पर तीन दिन तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया.
डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मौत मल्टी-ऑर्गन डिसफंक्शन सिंड्रोम से हुई. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक लाइव स्टेज शो के दौरान उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई थी. ह्यूमन की मां शेफाली सागर ने उनके मैनेजर पर आरोप लगाया है कि तबीयत खराब होने के बावजूद बेटे को लगातार परफॉर्म करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई.
ह्यूमन सागर ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो “वॉयस ऑफ ओडिशा सीजन 2” से की, जहाँ से उन्हें नई पहचान मिली. उनकी सुरीली आवाज़ और दिल को छू लेने वाले गीतों ने ह्यूमन को ओलिवुड में एक अलग मुकाम दिया. फैंस सोशल मीडिया पर अपने प्रिय गायक को भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
उनके निधन से ओडिशा ही नहीं, पूरे भारतीय संगीत जगत में शोक की लहर है. फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों और गायकों ने भी उन्हें अपने श्रद्धांजलि संदेशों में “ओलिवुड का सबसे प्यारा सुर” बताया है.
Leave A Reviews