Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

रेलवे फाटक पर पलटा भूसे से लदा ट्रैक्टर, गेटमैन की सतर्कता से टली बड़ी रेल दुर्घटना

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल अंतर्गत सागर-बीना रेल खंड पर गुरुवार देर रात एक संभावित रेल दुर्घटना गेटमैन की तत्परता से टल गई. जरुआखेड़ा के समीप स्थित रेलवे फाटक नंबर-11 पर भूसे से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर रेलवे पटरी पर पलट गया, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया.

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक रूपेश खुरई मंडी से सोयाबीन का भूसा लेकर सागर गल्ला मंडी जा रहा था. फाटक के पास चढ़ाई अधिक होने के कारण ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे की ओर लुढ़कते हुए ट्रॉली समेत पटरियों पर पलट गया. हादसे के समय किसी ट्रेन की आवाजाही नहीं हो रही थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया.

ड्यूटी पर तैनात गेटमैन उधम रैकवार ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना दी और डाउन ट्रैक पर रेल संचालन रोक दिया. सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रैक्टर-ट्रॉली व पटरियों पर फैले भूसे को हटाया गया.

करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डाउन ट्रैक को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद मालगाड़ियों सहित अन्य ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया गया. गेटमैन की सजगता के चलते एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई.

Share:

Leave A Reviews

Related News