खरगोन जिले में शुक्रवार का दिन दर्दनाक सड़क हादसों के नाम रहा, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। एक हादसा महेश्वर क्षेत्र में हुआ, जहां शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं, जबकि दूसरा हादसा सनावद के पास मूंदी-सनावद हाईवे पर हुआ।
बारात में घुसी बेकाबू पिकअप, दूल्हा समेत कई घायल
महेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सजनीपुरा से बड़ीपुरा जा रही बारात में पीछे चल रही एक पिकअप गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई। वाहन ने नाचते-गाते बारातियों को कुचलते हुए करीब 100 मीटर तक घसीट दिया और फिर नीम के पेड़ से टकराकर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक का पैर अचानक एक्सीलेटर पर फंस गया जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। इस हादसे में दूल्हा राकेश डाबर, उनकी बहन सहित 25 से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों को गंभीर चोटें आईं और कुछ के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ। इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।
ओवरटेक के दौरान पलटा आयशर वाहन, 1 की मौत
दूसरा हादसा सनावद के पास उस समय हुआ जब 40 ग्रामीणों से भरा एक आयशर वाहन ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और पलट गया। इस दुर्घटना में 60 वर्षीय बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए।
सभी लोग गुर्जर समाज से थे और मामेरा कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस जांच जारी
दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसों का मुख्य कारण माना जा रहा है। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीरता को उजागर किया है।
Leave A Reviews