
खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह बुरहानपुर से बारात लेकर जा रहा एक ट्रक आड़ा खेड़ा के जंगल में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रक पर सवार 100 से अधिक बाराती घायल हो गए हैं, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बारात बुरहानपुर जिले के ग्राम ढाबा से खालवा ब्लॉक के ग्राम चुनाखाल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक में क्षमता से कहीं अधिक, करीब 140 बाराती सवार थे। सुबह करीब 10:30 बजे जैसे ही ट्रक आड़ा खेड़ा जंगल के तीखे मोड़ पर पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जंगल के पास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही खालवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खालवा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत घायलों का उपचार शुरू किया।
प्रशासनिक स्तर पर भी तत्परता दिखाई गई। खालवा तहसीलदार राजेश कोचले और नायब तहसीलदार विनोद यादव ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। अधिकांश घायलों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल होने वालों में संजू (40), संगीत (20), शांतिलाल (45), मगन (70), कालू (48), अनिल (42), 9 वर्षीय आराध्या, आकाश (20), लीला (35), प्रीति (12), सरोजनी (17), नेहरू (43), कोमल (15) और गोलू (30) शामिल हैं।
खालवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा मोड़ पर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग के कारण अनियंत्रित होने से हुआ है। मामले में ट्रक चालक की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
Leave A Reviews