
उमरिया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले से प्रदेश की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की 41वीं किश्त जारी की। उन्होंने राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ पात्र लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में 1500-1500 की मासिक आर्थिक सहायता राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले को 144.15 करोड़ की लागत वाले 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन कर बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह, विधायक शिवनारायण सिंह और सांसद हिमाद्री सिंह सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने उमरिया जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सांदीपनी स्कूल खोलने और पाली व मानपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु सिविल अस्पताल स्थापित करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में अमरपुर को नई तहसील का दर्जा देने और चिल्हारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने व परीक्षणोपरांत उसे नगर परिषद का दर्जा देने की बात कही। बांधवगढ़ विधानसभा में 59.07 करोड़ के 18 कार्यों का लोकार्पण व 32.25 करोड़ के 46 कार्यों का भूमिपूजन हुआ, वहीं मानपुर में 28.25 करोड़ के 50 कार्यों का लोकार्पण और 24.59 करोड़ के 22 कार्यों का शिलान्यास किया गया।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और पोषण स्तर में सुधार के लिए शुरू की गई लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत सितंबर 2026 तक 40 किस्तों का सफल भुगतान किया जा चुका था। योजना के तहत सामान्य पात्र महिलाओं को 1500 प्रतिमाह तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही पात्र महिलाओं को 900 प्रतिमाह की सहायता सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। इसके साथ ही योजना में अब तक चार बार (अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में) 250-250 की अतिरिक्त विशेष सहायता भी दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार ने योजना के तहत 23,882.81 करोड़ का भारी-भरकम बजट प्रावधान किया है।
उमरिया के गुरुवाही गांव में आयोजित इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान एक दुखद घटना भी सामने आई। पंडाल में टेंट लगाने का कार्य कर रहे 45 वर्षीय श्रमिक अनिल पटेल (निवासी जबलपुर) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल नजदीकी मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. वी.के. चंदेल ने बताया कि अनिल पटेल का पूर्व से इलाज चल रहा था और उनकी मृत्यु कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं व पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
Leave A Reviews