
उमरिया। चैत्र नवरात्रि के दौरान आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में उस समय मातम छा गया, जब काली नृत्य कर रहे एक युवक की अचानक मंच पर गिरकर मौत हो गई। यह घटना पठारी गांव में हुई, जो जनपद पंचायत करकेली क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 40 वर्षीय रामगरीब कोल नवरात्रि के कलश विसर्जन कार्यक्रम में काली माता का रूप धारण कर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर रहे थे। बैंड-बाजों और भक्तिमय माहौल के बीच उनका प्रदर्शन पूरे उत्साह के साथ चल रहा था और लोग भाव-विभोर होकर इसे देख रहे थे।
इसी दौरान अचानक वह मंच पर लड़खड़ाए और जमीन पर गिर पड़े। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह नृत्य का ही हिस्सा है, लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं उठे तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाने और संभालने की कोशिश की और अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) बताया है।
इस घटना के बाद जहां कुछ देर पहले तक भक्ति और उत्सव का माहौल था, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया। रामगरीब कोल गांव में धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते थे और हर साल काली नृत्य की प्रस्तुति देते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरा गांव गहरे सदमे में है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दुख और हैरानी जाहिर कर रहे हैं।
Leave A Reviews