
पन्ना। जिले के शाहनगर क्षेत्र के कचौरी गांव में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात प्रकृति ने ऐसा तांडव मचाया कि एक परिवार की खुशियाँ मातम में बदल गईं। तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के कारण एक पक्की दीवार गिरने से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बारिश से बचने के लिए रुकी थीं सुमित्रा: हादसे का शिकार हुई माया सिंह (40) एक पेपर कार्टन फैक्ट्री में काम करती थीं। काम खत्म कर जब वह घर लौट रही थीं, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया। मूसलाधार बारिश से बचने के लिए वह निर्भय सिंह के घर के पास एक दीवार की ओट में खड़ी हो गईं। उनके साथ ही एक शादी समारोह से लौट रहे कुछ अन्य ग्रामीण भी वहीं रुक गए। तभी हवा के एक जोरदार झोंके ने पक्की ईंटों की दीवार को धराशायी कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम: दीवार गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे माया सिंह सहित चार लोग दब गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे को हटाया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। माया सिंह को गंभीर हालत में कटनी रेफर किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों—निर्भय सिंह, रवि शंकर सिंह और परसोत्तम सिंह—का इलाज अस्पताल में जारी है।
गाँव में पसरा मातम: इस घटना ने पूरे कचौरी गाँव को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ गाँव में शादी की खुशियाँ थीं, तो दूसरी ओर इस अचानक हुए हादसे ने सन्नाटा पसार दिया। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जाँच शुरू कर दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
Leave A Reviews