
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के कुड़ाई गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां करंट लगने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान जितेंद्र सिंह यादव (22) निवासी लुहेड़ी, जिला महोबा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदारों के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने कुड़ाई गांव आया था।
जानकारी के अनुसार, नहाने के बाद जितेंद्र अपने गीले कपड़े तार पर सुखा रहा था। इसी दौरान वह पास से गुजर रहे खुले बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। सूचना मिलते ही अजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने 28 अप्रैल को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खुले बिजली के तार को लेकर कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई।
Leave A Reviews